मास्को, एएनआइ: Russia-Ukraine Crisis LIVE Updates, रूस और यूक्रेन के बीच विवाद लगातार बढ़ता ही जा रहा है। दोनों देशों के बीच हालात युद्ध के करीब पहुंच चुके हैं। इसी बीच रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान’ की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा युद्ध को टाला नहीं जा सकता। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार रूस के राष्ट्रपति ने आदेश जारी करते हुए कहा कि अगर यूक्रेन पीछे नहीं हटता है तो जंग होकर रहेगी। पुतिन ने यूक्रेनी सेना को धमकी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द हथियार डाल दें नहीं तो युद्ध को टाला नहीं जा सकता है। वहीं यूक्रेन से लगातार धमाकों की आवाज सुने जाने की खबर आ रही है। एएफपी ने जानकारी दी है कि कीव में एक जोरदार धमाका सुना गया है। इससे पहले पूर्वी यूक्रेन में गोलाबारी की आवाज सुनाई दी थी। सोशल मीडिया पर भी कई लोग अलग-अलग जगहों पर ब्लास्ट का दावा कर रहे हैं

रूस पर लगे कड़े प्रतिबंध- यूक्रेन के विदेश मंत्री

यूक्रेन के विदेश मंत्री ने कहा कि अब रूस के खिलाफ कड़े प्रतिबंध लगाते हुए दुनिया को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा दुनिया भर देश रूस को हर तरह से अलग-थलग कर दें और यूक्रेन के लिए हथियार, उपकरण वित्तीय और मानवीय सहायता प्रदान करें। अब यूरोप और दुनिया का भविष्य दांव पर है।

100 डालर के पार पहुंची कच्चे तेल की कीमत

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा यूक्रेन में ‘सैन्य अभियान’ की घोषणा के बाद यूक्रेन में कच्चे तेल की कीमत 100 डालर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है।

मारियुपोल में शक्तिशाली विस्फोट

रूसी राष्ट्रपति पुतिन के यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान’ की घोषणा के तुरंत बाद यूक्रेन में कई जगह धमाकों की आवाज सुनी गई है। एएफपी के अनुसार, यूक्रेन के पूर्वी बंदरगाह शहर मारियुपोल में शक्तिशाली विस्फोट की आवाज सुनी गई है।

182 भारतीय नागरिकों को लेकर कीव से दिल्ली पहुंचा विशेष विमान

भारत में यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस के एक अधिकारी ने बताया कि यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस (UIA) का एक विशेष विमान 182 भारतीय नागरिकों के साथ आज सुबह 7:45 बजे कीव से दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचा है।

कोई देश बीच में आया तो अंजाम बुरा होगा: पुतिन

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है कि जो कोई भी हमारे देश और हमारे लोगों के लिए खतरे पैदा करने की कोशिश करता है, उसे पता होना चाहिए कि रूस की प्रतिक्रिया तत्काल होगी और आपको ऐसे परिणामों की ओर ले जाएगी जैसा आपने अपने इतिहास में पहले कभी अनुभव नहीं किया है।

यूक्रेन अपना बचाव करेगा और जीतेगा- यूक्रेन के विदेश मंत्री

रूसी राष्ट्रपति के ऐलान के बाद यूक्रेन के विदेश मंत्री की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा यूक्रेन अपना बचाव करेगा और जीतेगा। पुतिन ने अभी-अभी यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू किया है। यूक्रेन के शांतिपूर्ण शहरों पर हमले हो रहे हैं, यह आक्रामकता का युद्ध है। दुनिया पुतिन को रोक सकती है और उसे भी करना चाहिए। अब कार्रवाई करने का समय है।

रूस-यूक्रेन संकट के बीच यूक्रेन में कई जगह धमाके

रूस के साथ युद्ध की आशंका के बीच कीव में धमाके की आवाज सुनी गई है। समाचार एजेंसी के अनुसार, कीव में एक जोरदार धमाका हुआ है। राजधानी कीव के अलावा खार्किव, पूर्वी यूक्रेन के मारियुपोल में धमाकों की आवाज सुनी गई है।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का बयान

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपने संबोधन में कहा यूक्रेन में (विशेष सैन्य अभियान की) हमारी योजनाओं में यूक्रेनी क्षेत्र पर कब्जा शामिल नहीं है। हमारा लक्ष्य यूक्रेन का गैरफौजीकरण हैं।

रूस होगा हमले के लिए जिम्मेदार- जो बाइडेन

रूसी राष्ट्रपति के ऐलान के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा इस हमले से होने वाली मौत और तबाही के लिए रूस अकेला जिम्मेदार होगा। अमेरिका और उसके सहयोगी एकजुट और निर्णायक तरीके से जवाब देंगे। पूरी दुनिया की प्रार्थनाएं आज रात यूक्रेन के लोगों के साथ हैं, क्योंकि वे रूसी सैन्य बलों द्वारा एक अनुचित हमले का शिकार हुए हैं। राष्ट्रपति पुतिन ने एक पूर्व नियोजित युद्ध चुना है जो जीवन और मानव जाति के लिए एक विनाशकारी नुकसान लाएगा।