भारतीय जनता पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए मजबूत संगठन तैयार करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही संगठन में किसी भी पद पर अनुशासनहीन व्यक्ति को भी जगह न देने का निर्णय लिया गया है।
भाजपा के संगठनात्मक चुनावों को लेकर रविवार को रेसकोर्स स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों के साथ ही आगामी सभी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के लिए एक मजबूत टीम बनाएगी।
उन्होंने कहा कि संगठन पर्व के महत्वपूर्ण चरण में मंडल और जिलाध्यक्षों का चयन होना है। 25 फरवरी तक मंडल और 28 फरवरी तक जिलाध्यक्षों के चुनाव संपन्न होंगे। इस टीम को आगामी कई राजनीतिक चुनौतियों का सामना करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी को 2027 के विधानसभा चुनावों के साथ ही अन्य सभी चुनावों को जीतना है।
उन्होंने कहा कि राज्य में संगठन की बदौलत जीत का अनवरत सिलसिला जारी रखने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है इसी के तहत पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जाएगी।
कार्यशाला में ये रहे शामिल कार्यशाला में केंद्रीय पर्यवेक्षक राजकुमार चाहर, प्रदेश सह प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, राष्ट्रीय सह चुनाव प्रभारी राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, खिलेंद्र चौधरी, राजेंद्र बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, मेयर सौरभ थपलियाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, विनोद सुयाल, दीप्ति रावत के साथ ही अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।