मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकास और सांस्कृतिक क्रांति के इस दौर में जनता का विश्वास, भाजपा को मिलना तय है। उन्होंने कहा कि विपक्ष कई मुद्दों पर अफवाह फैला रहा है पर हमें जनता के बीच जाकर यह विश्वास दिलाना है कि मूल निवास, सख्त भू-कानून और यूसीसी भाजपा सरकार ही लाएगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में गुरुवार को राजधानी में संयुक्त मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक हुई। इस बैठक को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि 550 वर्षों के इंतजार के बाद प्रभु श्रीराम अपने जन्मस्थान पर विराज रहे हैं। ऐसे में जनता का विश्वास, भाजपा को मिलना तय है। चूंकि विपक्ष के पास जनता के सामने जाने का नैतिक साहस नहीं है इसलिए वह झूठ फैलाने में लगा है। ऐसे में भाजपाइयों को पार्टी की सरकारों का ट्रैक रिकॉर्ड जन-जन तक पहुंचाना होगा। चुनावों के लिए भी कार्यकर्ताओं को जुटना है और जीत के पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ने हैं।

बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, खिलेंद्र चौधरी, राजेंद्र बिष्ट, मनवीर चौहान, स्वराज विद्वान, दीप्ति रावत, नेहा जोशी, कौस्तुभानंद जोशी, समीर आर्य, आशा नौटियाल, राकेश गिरी, राकेश राणा, जोगेंद्र पुंडीर, शशांक रावत, इंतजार हुसैन, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल आदि मौजूद रहे।